जयपुर। मानसरोवर के माधव पार्क पटेल मार्ग पर संगम ग्रुप की ओर से संगम दशहरा डांडिया महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। महोत्सव में डांडिया, संगीत और रावण दहन के साथ क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने संगीत की धुनों पर डांडिया कर समां बांधा। कार्यक्रम में पार्षद अशोक रावतानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
रावतानी ने कहा कि भारतीय त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करते हैं। दशहरा सत्य के मार्ग पर चलने और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण रावण दहन रहा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बुराइयों का त्याग कर सत्य, सदाचार और सकारात्मकता अपनाने का संदेश दिया। संगम ग्रुप की ओर से आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना रहा। अंत में आयोजकों ने अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

















