जयपुर नगर निगम में पहली महिला उपमहापौर बनीं सरोज कंवर

0
36
Saroj Kanwar became the first woman Deputy Mayor of the Jaipur Municipal Corporation.
Saroj Kanwar became the first woman Deputy Mayor of the Jaipur Municipal Corporation.

जयपुर। जयपुर नगर निगम में शनिवार को उपमहापौर पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सरोज कंवर निर्वाचित हुईं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सलमान मंसूरी को 31 मतों के अंतर से हराया। सरोज कंवर को 89 और सलमान मंसूरी को 58 वोट मिले। एक मत नोटा को गया, जबकि एक मत खारिज हुआ। कुल 150 पार्षदों में से 149 ने मतदान में हिस्सा लिया।

नगर निगम सभासद भवन में रिटर्निंग अधिकारी आशीष कुमार के निर्देशन में मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी हुई। मतदान दोपहर 2.30 बजे शुरू हुआ। चुनाव को देखते हुए नगर निगम मुख्यालय में थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मतदान के बाद मतगणना की गई।

रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार 148 मत विधिमान्य पाए गए, जबकि एक मत नोटा के पक्ष में था। सरोज कंवर को सर्वाधिक 89 मत मिलने पर उन्हें राजस्थान नगरपालिका नियमों की अनुसूची-6 के नियम 87 के उपनियम (6) के प्रावधानों के तहत विधिवत उपमहापौर निर्वाचित घोषित कर प्रमाणपत्र जारी किया गया।

पहली महिला उपमहापौर

सरोज कंवर जयपुर नगर निगम के इतिहास में उपमहापौर पद पर पहुंचने वाली पहली महिला हैं। वे पहली बार पार्षद चुनी गईं और इसके बाद उपमहापौर पद तक पहुंचीं। सरोज कंवर भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री रणजीत सिंह सोडाला की पत्नी हैं। रणजीत सिंह रावणा राजपूत समाज के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। भाजपा ने पहली बार सरोज कंवर को पार्षद का टिकट दिया था।

एक पार्षद नहीं पहुंचीं मतदान करने

कांग्रेस पार्षद वंदिता शर्मा पैर में चोट के कारण मतदान के लिए नगर निगम मुख्यालय नहीं पहुंच सकीं। इस कारण 150 में से 149 पार्षदों ने मतदान किया। मतदान में एक वोट नोटा और एक वोट खारिज हुआ।

बसों से निगम मुख्यालय पहुंचे भाजपा पार्षद

भाजपा के पार्षद पिछले करीब 15 दिनों से प्रशिक्षण शिविर में थे। शनिवार को उन्हें बसों के जरिए एक साथ नगर निगम मुख्यालय लाया गया। मतदान और मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा पार्षद प्रशिक्षण शिविर से अपने घरों के लिए रवाना हुए। कांग्रेस पार्षदों ने भी मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नगर निगम मुख्यालय में मौजूद नहीं रहे।

मेयर पद भी भाजपा के पास

उपमहापौर चुनाव से एक दिन पहले शुक्रवार को हुए महापौर चुनाव में भाजपा के सुनील कोठारी ने कांग्रेस की सुनीता मावर को 29 मतों से हराया था। कोठारी को 89 और सुनीता मावर को 60 वोट मिले थे। उपमहापौर पद पर सरोज कंवर की जीत के साथ जयपुर नगर निगम के महापौर और उपमहापौर दोनों पद भाजपा के पास हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here