चार सौ सीसीटीवी खंगाले: तब हत्थे चढ़ा शातिर नकबजन सूरज थापा

0
33

जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने खातीपुरा में सूने मकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, चांदी की मूर्तियां और सिक्के चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी सूरज सिंह थापा (22) निवासी काठमांडू (नेपाल) हाल सोडला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी का कीमती माल बरामद किया है। नेपाल मूल के आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में चोरी व नकबजनी के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और दिन में नशे की हालत में कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों व बाहर लगे तालों की रैकी करता था। मौका मिलते ही मुख्य गेट की दीवार फांदकर अंदर घुसता और ताला तोड़कर अलमारी से जेवर व कीमती सामान बैग में भरकर फरार हो जाता था। उसके खिलाफ वैशाली नगर, सदर, सोडाला, श्याम नगर सहित अन्य थानों में आधा दर्जन से अधिक चोरी व नकबजनी के मामले दर्ज हैं।

थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि परिवादी अनिल कुमार ने 14 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 सितंबर को सुबह 11 बजे वह झोटवाड़ा स्थित दुकान चला गया था। बेटी घर पहुंची तो मुख्य गेट पर ताला लगा था, लेकिन अंदर कमरे का दरवाजा खुला था। अलमारी की जांच करने पर सोने-चांदी के गहने, नकदी, मंदिर में रखी चांदी की मूर्तियां और सिक्के गायब मिले।

पुलिस ने मामला दर्ज किया और पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र के 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान सूरज सिंह थापा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हसनपुरा नाले के पास से डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने खातीपुरा स्थित मकान में घुसकर चोरी करना स्वीकार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here