जयपुर। वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना 2026-27 के तहत मंगलवार को जयपुर के ढेहर के बालाजी रेलवे स्टेशन से वातानुकूलित ‘राजस्थान वाहिनी भारत गौरव ट्रेन’ को रामेश्वरम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने ट्रेन में सवार श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों की आस्था, सम्मान और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनकल्याण के संकल्प को साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना बुजुर्गों को सम्मान पूर्वक देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने और उनकी धार्मिक भावनाओं को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक यात्रा का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त प्रथम रतनलाल योगी, महेंद्र रेवतवाल, आईआरसीटीसी के एजीएम कीर्ति सिंह, सुनील कुमावत, शिवराज सिंह, सुरेश जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



















