रीको के वरिष्ठ अधिकारी और कनिष्ठ सहायक 85 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
33

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए रीको अजमेर के सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर और रीको उप इकाई ब्यावर के एक कनिष्ठ सहायक को कुल 85 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों ने औद्योगिक भूखंड की लीज डीड और उत्पाद परिवर्तन (प्रोडक्ट चेंज) की प्रक्रिया पूरी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी जयपुर नगर-चतुर्थ को शिकायत मिली थी कि परिवादी से औद्योगिक क्षेत्र संस्थान ब्यावर में आवंटित भूखंड की लीज डीड एवं उत्पाद परिवर्तन के एवज में रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी अजमेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की।

इस कार्रवाई के दौरान रीको अजमेर के सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर अंजय विश्वकर्मा को 50 हजार रुपए तथा रीको उप इकाई ब्यावर के कनिष्ठ सहायक कमलेश गुर्जर को 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

एसीबी के अनुसार सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर अंजय विश्वकर्मा ने 7 जुलाई को परिवादी से 50 हजार रुपए रिश्वत लेने की बात तय की थी, जबकि कनिष्ठ सहायक कमलेश गुर्जर ने 6 जुलाई को 35 हजार रुपए की मांग की थी। गुरुवार को दोनों आरोपितों को रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here