दूध गर्म करने से मना किया तो एसआई ने पहलवान पर किया हमला

0
39

जयपुर। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गणगौरी गेट के पीली का अखाड़ा में एक सब इंस्पेक्टर द्वारा पहलवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूध गर्म करने से मना करने पर एसआई ने पहलवान का गला दबाया और डंबल से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी एसआई के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि आरोपी एसआई देशराज (28) वर्तमान में जयपुर ग्रामीण पुलिस लाइन में तैनात है। चूरू जिले के सरदारशहर निवासी पहलवान मुकेश जाट (26) ने रिपोर्ट में बताया कि वह पीली का अखाड़ा में रहकर कुश्ती का अभ्यास करता है। शनिवार रात करीब 12:30 बजे आरोपी एसआई ने उसे सोते से उठाकर दूध गर्म करने को कहा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसका गला दबा दिया और धमकी दी।

पीड़ित के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने अखाड़े में रखा डंबल उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भी आरोपी ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे अन्य पहलवानों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया और अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने घायल का उपचार करवाने के बाद आरोपी एसआई के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के साथ विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here