जयपुर। हंगामा ओटीटी की चर्चित एंथोलॉजी सीरीज ‘हसरतें’ अपने चौथे सीजन के साथ लौट आई है। तीन सफल सीजन के बाद नए सीजन में महिलाओं की इच्छाओं, संघर्ष, पहचान और आत्मसम्मान से जुड़ी छह अलग-अलग कहानियां दिखाई जा रही हैं। सीरीज में ऐसी महिलाओं की जिंदगी को केंद्र में रखा गया है, जो सामाजिक अपेक्षाओं और अपनी इच्छाओं के बीच खड़ी होकर अपनी शर्तों पर जीवन जीने का फैसला करती हैं।
‘हसरतें’ सीजन 4 का प्रीमियर 25 अगस्त को हो चुका है। हर सप्ताह दो नए एपिसोड रिलीज किए जा रहे हैं। पहले चरण में ‘छू कर मेरे मन को’ और ‘Finding Voice’ रिलीज हुए। ‘छू कर मेरे मन को’ में एक इंटीमेसी थेरेपिस्ट अपने अतीत के ऐसे व्यक्ति का सामना करती है, जिसने कभी उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई थी। वहीं ‘Finding Voice’ एक ऐसी गायिका की कहानी है, जो मशहूर पति की पहचान के पीछे अपनी आवाज और पहचान खो देती है, लेकिन बाद में खुद को फिर से तलाशती है। 1 सितंबर को ‘झटपट आरती’ और ‘मकान मालिक’ रिलीज होंगी।
‘झटपट आरती’ में महत्वाकांक्षी महिला अपने सपनों और आत्मसम्मान के लिए सामाजिक सोच से संघर्ष करती है। वहीं ‘मकान मालिक’ में एक सिंगल मदर के भरोसे और रिश्तों से जुड़े अनुभवों को दिखाया गया है। 8 सितंबर को ‘Runaway Mother’ और ‘You Are Pretty’ रिलीज होंगी।
‘Runaway Mother’ में हिंसक पति से दूर रह रही एक मां के संघर्ष और अपने भीतर के साहस को दोबारा तलाशने की कहानी है। ‘You Are Pretty’ में उपेक्षित पत्नी अपनी पहचान, आत्मसम्मान, शरीर और व्यवसाय को फिर से स्वीकार करते हुए अपनी जिंदगी की कमान अपने हाथों में लेती है।
सीजन 4 में निशा रावल, ध्रुव चौधरी, मीरा देवस्थले, ज़ान खान, आकांक्षा पुरी, रेयांश वीर चड्ढा, चाहत खन्ना, अंश बागरी और अमिका शैल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
अभिनेत्री निशा रावल ने कहा कि ‘Runaway Mother’ की कहानी और किरदार में भावनाओं की कई परतें हैं और वेब सीरीज में लीड भूमिका निभाने का यह उनका पहला अनुभव है। वहीं ध्रुव चौधरी ने कहा कि सीरीज रिश्तों को केवल सही या गलत के नजरिए से नहीं देखती, बल्कि किरदारों की भावनाओं, परिस्थितियों और कमजोरियों को भी सामने लाती है।



















