तेज रफ्तार टैक्सी ट्रक में जा घुसी: हादसे में चालक की मौत

0
103

जयपुर। दौलतपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार—शुक्रवार की मध्यरात्रि सफेदा फार्म से रोड नंबर-14 मार्ग पर आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही टैक्सी कार उसमें जा घुसी। इस हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार महिला घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

दौलतपुरा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मनोज कुमार (27) निवासी मेहंदवास जिला टोंक के रूप में हुई है। मनोज टैक्सी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार की रात को वह एक महिला यात्री को लेकर रींगस गया था और गुरुवार—शुक्रवार की मध्यरात्रि जयपुर लौट रहा था। इसी दौरान सफेदा फार्म के पास आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से तेज रफ्तार टैक्सी अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मनोज उसमें बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद महिला यात्री मामूली घायल होने के कारण स्वयं कार से बाहर निकल आई। सूचना मिलने पर दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को कार से बाहर निकाला। पुलिस दोनों घायलों को कांवटिया अस्पताल लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज को मृत घोषित कर दिया।

महिला का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई। शुक्रवार दोपहर पुलिस ने कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से हटाकर थाने लाया गया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here