जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी के जयपुर स्थित निवास पर गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों से संवाद हुआ। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, जनहित के मुद्दों, सामाजिक समरसता, क्षेत्रीय विकास और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।
कार्यकर्ताओं ने भूपेंद्र सैनी का स्वागत करते हुए संगठन के समर्थन में नारे लगाए। बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर अपने सुझाव भी रखे।
भूपेंद्र सैनी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं का परिश्रम, अनुशासन और सेवा भाव ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह और विश्वास उन्हें जनसेवा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे समरसता संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के तहत आयोजित कलश यात्राएं, समरसता संवाद और जनजागरण कार्यक्रम सामाजिक सौहार्द को मजबूत कर रहे हैं।
भूपेंद्र सैनी ने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और गुरु रविदास जी के विचारों को प्रत्येक परिवार तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता ही विकसित भारत और विकसित राजस्थान की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण और विकास के लिए कार्य कर रही है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।



















