जयपुर में 11 सूत्रीय मांगों को रोडवेज कर्मचारियों का आज प्रदेश स्तरीय महाधरना

0
27

जयपुर। राजस्थान स्टेट रोडवेज एंप्लाइज यूनियन (एटक/एआईटीयूसी) के आह्वान पर 16 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को प्रातः 11 बजे जयपुर स्थित रोडवेज मुख्यालय पर प्रदेश स्तरीय विशाल धरना आयोजित किया जाएगा। इस महाधरने में सेवारत और सेवानिवृत्त दोनों ही वर्गों के कर्मचारी भाग लेकर अपनी ग्यारह सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के सामने आवाज बुलंद करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष एम.एल. यादव के अनुसार यह आंदोलन लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए किया जा रहा है। उनका का कहना है कि उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। जिससे रोडवेज संचालन और कर्मचारियों की कार्य स्थितियां प्रभावित हो रही हैं।

धरने में शामिल होने से पहले कर्मचारी जयपुर आगार (मंदिर के पास) से रैली के रूप में रवाना होकर रोडवेज मुख्यालय पहुंचेंगे। यूनियन ने सभी कर्मचारियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

उन्होने बताया कि उनकी मांगों में रोडवेज के सुचारू संचालन के लिए 2500 नई बसों की खरीद, 12 हजार रिक्त पदों के विरुद्ध कम से कम 50% भर्ती, आउटसोर्सिंग कर्मियों का समायोजन, वेतन विसंगतियों का समाधान, महिला कर्मचारियों को समान सेवा लाभ, चालकों-परिचालकों के कार्य घंटे में सुधार व साप्ताहिक अवकाश, 3000 किलोमीटर ड्यूटी के बावजूद वेतन कटौती पर रोक, मेडिकल जांच के दौरान वेतन नहीं रोका जाए।

लंबित वेतन-भत्तों व पेंशन का शीघ्र भुगतान तथा सातवें वेतनमान के अनुरूप यात्रा भत्ते में वृद्धि प्रमुख मांगों में शामिल हैं। इसके अलावा यूनियन ने आरजीएचएस समेत अन्य प्रशासनिक मुद्दों को लेकर भी असंतोष जताया और इनके शीघ्र समाधान की मांग की है।

उधर प्रदेश अध्यक्ष एम.एल. यादव, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कृष्ण गोपाल गुप्ता और महासचिव धर्मवीर चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here