जयपुर। मलमास के बाद शुरू हो रहे विवाह के लिए बुधवार को मोतीडूंगरी गणेशजी मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु विघ्न विनाशक गणपति को न्यौतने के लिए पहुंचे। मोतीडूंगरी गणेश मंदिर के महंत पं. कैलाश शर्मा ने बताया कि बुधवार को करीब 70 से 80 हजार कार्ड मंदिर आए। गणेश जी महाराज के चरणों में कार्ड अर्पित कर निर्विघ्न रूप से विवाह संपन्न होने की कामना की गई। गणेशजी महाराज को कार्ड का थोड़ा सा हिस्सा पढक़र भी सुनाया गया।
अक्षय तृतीया, जानकी नवमी के अबूझ सावे पर होने वाले विवाह के लिए बुधवार को श्रद्धालु पूजा की थाली लेकर मोतीडूंगरी गणेशजी मंदिर पहुंचे। सुबह से ही श्रद्धालु कतारों में लग गए। श्रद्धालुओं का एक छोर जहां मंदिर में था वहीं दूसरा छोर जेएलएन मार्ग पर था। श्रद्धालुओं के भारी संख्या में उमडऩे पर पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
श्रद्धालु विवाह का कार्ड, श्रीफल, प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचे। मंदिर में प्रथम पूज्य के दर्शन कर विवाह बिना किसी परेशानी के संपन्न होने की कामना की। नीलम शर्मा अपने बेटे आदित्य के विवाह का कार्ड लेकर परिवार के सदस्यों के साथ मंदिर पहुंची। सभी ने गणेश जी महाराज का विधिवत पूजन किया। ऐसे ही अन्य लोग भी इसी भाव के साथ मंदिर पहुंचे।




















