जयपुर। बस्सी तहसील के काशीपुरा स्थित श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में 24 से 26 अप्रैल तक तीन दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा महामहोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन विनीत धाम प्रणेता पट्टाचार्य 108 विनीत सागर महाराज ससंघ के सानिध्य एवं विधानाचार्य पं. विमल कुमार जैन बनेठा के निर्देशन में संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
महोत्सव के बहुरंगी पोस्टर का विमोचन सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने किया। इस अवसर पर राजस्थान जैन सभा जयपुर के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप जैन, उपाध्यक्ष विनोद जैन कोटखावदा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष बाबूलाल गोधा और मंत्री विनोद गंगवाल ने बताया कि रविवार 19 अप्रैल को प्रातः 8 बजे पट्टाचार्य विनीत सागर महाराज ससंघ का काशीपुरा में भव्य मंगल प्रवेश विशाल जुलूस के साथ होगा।
तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ 24 अप्रैल को ध्वजारोहण, जिन दर्शन, आचार्य भक्ति, घट यात्रा एवं श्रीजी की शोभायात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात मण्डप प्रतिष्ठा, सकलीकरण, याग मंडल विधान एवं आचार्य श्री के मंगल प्रवचन आयोजित किए जाएंगे। सायंकाल सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
25 अप्रैल को नित्य अभिषेक, पूजा, वेदी शुद्धि संस्कार, वास्तु पूजा एवं विधान पूजा के साथ महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 26 अप्रैल को नित्य अभिषेक, शांतिधारा, मंगल प्रवचन, शोभायात्रा एवं नवीन वेदी में श्रीजी की प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके बाद सामूहिक महाआरती और वात्सल्य सहभोज का आयोजन होगा।




















