जयपुर। मोती डूंगरी थाना क्षेत्र के आनंदपुरी में सोमवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में सिलेंडर भभकने से एक निजी स्कूल की शिक्षिका 90 प्रतिशत तक झुलस गई। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले एसएमएस अस्पताल और बाद में परिजन दुर्लभजी अस्पताल ले गए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि हादसा मोती डूंगरी रोड स्थित गली नंबर-1 के मकान संख्या पी-12 की दूसरी मंजिल पर हुआ। उस समय 40 वर्षीय स्वाति सैनी घर में अकेली थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को 112 वाहन से अस्पताल भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गैस सिलेंडर रसोई की बजाय हॉल में रखा था तथा चूल्हे से पाइप और रेगुलेटर अलग मिले। हॉल में आग लगने के निशान, दीवारों पर काला धुआं और एक तस्वीर का टूटा शीशा भी मिला है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद मकान के पीछे रहने वाले पड़ोसी छत के रास्ते पहुंचे और दरवाजा तोड़कर स्वाति को बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। स्वाति सैनी एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके पति हरीश सैनी के साथ वे दूसरी मंजिल पर रहती हैं। दंपती की दो बेटियां हैं। मकान की पहली मंजिल पर उनके जेठ-जेठानी तथा माता-पिता रहते हैं, जबकि भूतल किराए पर दिया हुआ है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आग सिलेंडर भभकने से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। एफएसएल रिपोर्ट और जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।



















