तहसीलदार कार्यालय का रीडर चार हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
54

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की धौलपुर चौकी ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए तहसीलदार कार्यालय सैंपऊ में कार्यरत वरिष्ठ सहायक (रीडर) को चार हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपित रीडन ने भूमि विभाजन प्रस्ताव पर कार्रवाई करने के एवज में परिवादी से 18 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

एसीबी धौलपुर चौकी के पुलिस उप अधीक्षक प्रेमचंद मीणा ने बताया कि आरोपित वीरेन्द्र सिंह वरिष्ठ सहायक (हाल रीडर तहसीलदार), कार्यालय तहसीलदार तहसील सैंपऊ (जिला धौलपुर) के खिलाफ 19 जून 2026 को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया कि परिवादी की माता ने ग्राम बरा पटवार क्षेत्र मालोनी खुर्द में 8 बिस्वा भूमि खरीदी थी। जिसका नामांतरण भी दर्ज हो चुका है।

भूमि के विभाजन प्रस्ताव के संबंध में एसडीएम न्यायालय सैंपऊ ने 25 मार्च 2026 को डिक्री पारित कर अग्रिम कार्रवाई के लिए तहसीलदार सैंपऊ को निर्देश दिए थे। परिवादी जब इस संबंध में तहसीलदार कार्यालय पहुंचा तो आरोपी वीरेन्द्र सिंह ने फाइल पर कार्रवाई करने के बदले 18 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की।

एसीबी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। जिसमें आरोपित द्वारा 18 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि आरोपित पहले ही 10 हजार रुपए ले चुका था और सत्यापन के दौरान 4 हजार रुपए भी प्राप्त कर चुका था।

इस पर एसीबी धौलपुर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपिज रीडर वीरेन्द्र सिंह को परिवादी से चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की राशि आरोपी की पैंट की जेब से बरामद की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here