जयपुर। श्री सनातन महोत्सव समिति, जयपुर के तत्वावधान में रामलीला मैदान, न्यू गेट पर चल रहे रामलीला महोत्सव में गुरुवार को मंथरा-कैकई संवाद, दशरथ-कैकई संवाद और सुमंत विदाई की लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से रामकथा के मार्मिक प्रसंगों को मंच पर उतारकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मंचन के दौरान मंथरा के छलपूर्ण संवादों ने कैकई की सोच बदल दी। इसके बाद महाराज दशरथ और कैकई के बीच हुए संवाद तथा पुत्र वियोग की आशंका से व्याकुल दशरथ के करुण विलाप ने दर्शकों को भावुक कर दिया। सुमंत की विदाई के प्रसंग ने भी उपस्थित लोगों को गहराई तक प्रभावित किया। मंच पर कलाकारों के प्रभावशाली संवाद और भावपूर्ण अभिनय से रामलीला मैदान का वातावरण गंभीर और भावुक हो गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कई दर्शक प्रसंगों को देखकर भावुक हो उठे। रामकथा के प्रति दर्शकों की यह आत्मीयता इस बात का प्रमाण रही कि इसकी शिक्षाएं और भावनाएं आज भी जनमानस पर गहरा प्रभाव डालती हैं।
राज्यपाल सहित कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
समिति की ओर से आयोजित रामलीला में गुरुवार को राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर समिति की संरक्षक एवं जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, समिति के मार्गदर्शक प्रवीण भैया और अध्यक्ष नवनीत मित्तल सहित अनुराग शर्मा, पूनम बोटा, मेघराज झांकल, गुंजन वशिष्ठ, हरीश शर्मा और हरनुद शर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथियों ने भी रामलीला के मंचन का अवलोकन किया।
20 अक्टूबर को होगा विशाल रावण दहन
श्री सनातन महोत्सव समिति के तत्वावधान में रामलीला मैदान, न्यू गेट पर 11 से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक रामलीला का मंचन किया जा रहा है। महोत्सव का समापन 20 अक्टूबर को विशाल रावण दहन के साथ होगा। रावण दहन रात 8 बजे रामलीला मैदान, न्यू गेट पर किया जाएगा। समिति ने मीडिया प्रतिनिधियों को रामलीला की कवरेज के लिए आमंत्रित किया है। उनके लिए स्थान आरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है। समिति ने मीडिया प्रतिनिधियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर रामलीला के प्रसंगों का प्रचार-प्रसार करने और आयोजन में सहयोग देने का आग्रह किया है।



















