जयपुर। संगीत, सम्मान और मनोरंजन के रंगारंग आयोजन के साथ इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव (आईडब्ल्यूटीसी) सीजन-3 का सोमवार देर रात भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में देश-विदेश से आए वेडिंग, हॉस्पिटैलिटी, टूरिज्म और इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े 600 से अधिक प्रतिनिधियों को विभिन्न श्रेणियों में ‘वेड इन इंडिया अवॉर्ड्स’ से सम्मानित किया गया।
आईडब्ल्यूटीसी के डायरेक्टर अरशद हुसैन ने बताया कि समारोह में आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कुंडला दुर्गेश, डॉ. अजय जैन और ऋतुराज खन्ना ने उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष देश और विदेश से मिली व्यापक भागीदारी ने आईडब्ल्यूटीसी की वैश्विक पहचान को और मजबूत किया है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों, वक्ताओं, पर्यटन बोर्डों, प्रदर्शकों, सहयोगी संस्थाओं और साझेदारों का आभार व्यक्त किया।
कॉन्क्लेव के दौरान आयोजित मास्टर क्लास, बिजनेस नेटवर्किंग सत्र, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न संवाद कार्यक्रमों ने आयोजन को इवेंट उद्योग के लिए यादगार बना दिया। कार्यक्रम में फोरम के प्रेसिडेंट हितेंद्र शर्मा, वाइस प्रेसिडेंट अजय चौहान, सेक्रेटरी भुवनेश अग्रवाल, पूर्व प्रेसिडेंट मोहित माहेश्वरी, महावीर शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
समापन समारोह का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड गायिका शिबानी कश्यप की लाइव प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘सजना आ भी जा’, ‘हो गई है मोहब्बत’, ‘जिंदा हूं मैं’ और ‘आओ हुजूर तुमको’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक वेडिंग प्लानर्स, होटलियर्स, टूरिज्म बोर्ड्स, लग्जरी ब्रांड्स और इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधि संगीत की धुनों पर झूमते नजर आए।



















