84 केंद्रों पर 24 जुलाई को होगी महिला पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा

0
41

जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित पर्यवेक्षक (महिला) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन 24 जुलाई (शुक्रवार) को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन के लिए जयपुर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार जयपुर जिले में परीक्षा के लिए 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 51 राजकीय तथा 33 निजी परीक्षा केंद्र शामिल हैं। परीक्षा में 26,427 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें 12,854 अभ्यर्थी राजकीय तथा 13,573 अभ्यर्थी निजी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
परीक्षा के जिला समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर-पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले यानी सुबह 9 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले सुबह 10 बजे परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के संचालन की निगरानी के लिए जिला कलक्ट्रेट, जयपुर के कक्ष संख्या-116 में जिला स्तरीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष 22 और 23 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक तथा 24 जुलाई को सुबह 9 बजे से परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहेगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी 0141-2206699 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here