जयपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम की ओर से संचालित “शहरी सेवा शिविर-2026” के तहत बुधवार को मानसरोवर और विद्याधर नगर जोन में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, पट्टा, नामांतरण, पीएम स्वनिधि सहित विभिन्न सेवाओं के आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।
डीएलबी निदेशक जुईकर प्रतीक चंद्रशेखर ने विद्याधर नगर जोन में शिविर का औचक निरीक्षण कर नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों को पट्टे और पीएम स्वनिधि योजना के चेक वितरित किए तथा अधिकारियों को सभी पात्र आवेदकों को शिविर में ही प्रमाण पत्र जारी करने, लंबित पट्टा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण और ऑनलाइन पोर्टल पर दैनिक प्रगति नियमित अपडेट करने के निर्देश दिए।
विद्याधर नगर जोन में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 150 प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। इसके अलावा नगरीय विकास कर के 8, लीजहोल्ड-फ्रीहोल्ड पट्टों के 6 तथा नामांतरण के 6 मामलों का निस्तारण किया गया। वहीं मानसरोवर जोन में 56 प्रमाण पत्र जारी किए गए और पीएम स्वनिधि के 5 प्रकरणों का निस्तारण हुआ।
शिविर में मानसरोवर निवासी आकाश कुमार अग्रवाल को भवन निर्माण स्वीकृति पत्र तथा विद्याधर नगर निवासी भागीरथ सोनी को मकान का पट्टा मौके पर ही सौंपा गया। दोनों लाभार्थियों ने त्वरित कार्यवाही के लिए नगर निगम और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।


















