दादा को चकमा देकर युवक के साथ भागी लडकी

0
252

जयपुर। आदर्श नगर थाना इलाके में परीक्षा देने गई एक लड़की अपने दादा को चकमा देकर युवक के साथ भाग गई। लड़की परीक्षा देने सेंटर में घुसी थी, लेकिन वह क्लास में नहीं जाकर पीछे के गेट से फरार हो गई। दादा परीक्षा सेंटर के बाहर बैठकर पोती का इंतजार कर रहा था। परीक्षा खत्म होने के काफी देर बाद भी जब लड़की बाहर नहीं आई तो दादा ने सेंटर में जाकर देखा तो पता चला की लड़की परीक्षा देने ही नहीं पहुंची थी। इसके बाद दादा ने थाने जाकर नाबालिग की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया।

थानाधिकारी कमल नयन ने बताया कि अलवर निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने मामला दर्ज करवाया है कि वह पिछले 7-8 महीनों से अपनी नाबालिग पोती की पढ़ाई के लिए बजाज नगर इलाके में किराए का कमरा लेकर रहता है। 28 जनवरी को आदर्श नगर स्थित परीक्षा सेंटर में अपनी पोती को लेकर परीक्षा दिलाने के लिए लेकर आया था। सेंटर में पोती को भेजकर बाहर इंतजार करने लगा। परीक्षा खत्म होने पर पोती नहीं आई तो वह सेंटर में देखने गया तो उनको पता चला कि उनकी पोती परीक्षा देने ही नहीं आई।

जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सामने आया कि नाबालिग परीक्षा केंद्र में घुसी, लेकिन पीछे वाले रास्ते से बाहर निकल गई। पुलिस ने बताया कि पढ़ाई के दौरान उसकी पोती का संपर्क हरियाणा निवासी विजय गुर्जर से हो गया और दोनों फोन पर बातें करने लगे। वह कई बार जयपुर भी आया। इस पर उसने पोती को समझाया कि सही रास्ते पर चले और अपना करियर बनाए। लेकिन उसने विजय गुर्जर से मिलना नहीं छोड़ा। उनको शक है कि विजय गुर्जर उनकी नाबालिग पोती को भगा ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हरियाणा निवासी विजय गुर्जर की तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here