लहरिया,लोकगीत और नृत्य की छटा बिखेरेगा ‘सतरंगी सावन’ उत्सव

0
38

जयपुर। सावन की फुहारों,लहरिया की रंगत और राजस्थानी लोक संस्कृति के उल्लास से भरपूर ‘सतरंगी सावन’ लहरिया उत्सव का आयोजन 8 अगस्त (शनिवार) दोपहर 1 बजे से राजा पार्क स्थित होटल क्लिक में किया जाएगा। नृत्यम फाउंडेशन एवं नेशनल ब्यूटी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक उत्सव में महिलाएं अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन करेंगी।

आयोजिका काजल सैनी ने बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक भीम सिंह कासनिया होंगे। इसके अलावा सावन की पारंपरिक थीम पर आधारित इस आयोजन में सावन क्वीन, बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांस और बेस्ट मेहंदी जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विभिन्न आयु वर्ग की प्रतिभागी पारंपरिक परिधानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के साथ आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में महिलाओं को स्वयं के लिए समय निकालना कठिन हो जाता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन उन्हें तनाव से राहत देने के साथ अपनी रचनात्मक क्षमता निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने महिलाओं से पारंपरिक लहरिया परिधान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सावन उत्सव को यादगार बनाने की अपील की। कार्यक्रम को सफल बनाने में शर्मा जी ज्वैलरी वाले तथा प्रसिद्ध ज्वेलरी डिजाइनर प्रज्ञा टिबरीवाल का विशेष सहयोग रहेगा। उनकी ओर से प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए जाएंगे।

वहीं नेशनल ब्यूटी एसोसिएशन की संस्थापक शीलू सैनी ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रतिभागी महिलाओं को विशेष डांस रिहर्सल करवाई जा रही है, ताकि कार्यक्रम को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि ‘सतरंगी सावन’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लहरिया परिधान, लोकगीत, नृत्य और सावन की खुशियों का उत्सव है। यह आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, नए संबंध बनाने और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि यह उत्सव महिलाओं के लिए एक यादगार और प्रेरणादायी सांस्कृतिक अनुभव साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here