जयपुर। श्री आदर्श रामलीला मंडल समिति मुरलीपुरा की ओर से तृतीय विशाल रामलीला महोत्सव का आयोजन 11 से 20 अक्टूबर तक किया जाएगा। पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में होने वाला यह आयोजन मुरलीपुरा स्कीम सर्किल स्थित रामलीला मैदान में प्रतिदिन शाम 7 से रात 11 बजे तक चलेगा।
समिति अध्यक्ष अभिनव शर्मा ने बताया कि नगर के प्रमुख संतों के आशीर्वाद से आयोजित महोत्सव में भगवान श्रीराम की लीलाओं का भव्य मंचन किया जाएगा। रामलीला का शुभारंभ 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे होगा, जबकि 20 अक्टूबर को विशाल रावण दहन किया जाएगा।
आयोजन समिति के सदस्य कृष्ण कटारिया, संजय गोटेचा और मोहन फुलरिया ने बताया कि जयपुर के आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर के उत्तराधिकारी मानस गोस्वामी ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर त्रिवेणी धाम के पीठाधीश्वर रामरिछपाल दास महाराज और संत समाज के अध्यक्ष सियाराम दास महाराज ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। समिति ने श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला महोत्सव में भाग लेने की अपील की है।



















