राजस्थान में आरएलपी के 24 प्रधान निर्वाचित

0
12

जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के टिकट पर राजस्थान की विभिन्न पंचायत समितियों में 24 प्रधान निर्वाचित होने पर नागौर सांसद एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने नवनिर्वाचित प्रधानों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और आमजन के विश्वास का परिणाम है। पंचायत चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जिस एकजुटता और समर्पण के साथ चुनाव लड़ा, वह सराहनीय है।

बेनीवाल ने कहा कि आरएलपी हमेशा किसान, मजदूर, युवा, गरीब और ग्रामीण क्षेत्रों के आमजन के अधिकारों की आवाज उठाती रही है। पंचायत राज संस्थाएं लोकतंत्र की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। इनके माध्यम से गांवों का विकास, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रभाव वाले मंडोर (जोधपुर) तथा उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के क्षेत्र दूदू में आरएलपी के प्रत्याशियों का प्रधान निर्वाचित होना प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत है। यह दर्शाता है कि जनता मौजूदा सत्ता से त्रस्त होकर तीसरे विकल्प के साथ मजबूती से खड़ी हो रही है।

सांसद ने भाजपा और कांग्रेस पर आरएलपी के खिलाफ एकजुट होने का आरोप लगाते हुए नागौर जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर आरएलपी के खिलाफ चुनावी रणनीति बनाई, लेकिन इसके बावजूद कई जगह दोनों राष्ट्रीय दलों को हार का सामना करना पड़ा।

बेनीवाल ने कहा कि पार्टी एक दर्जन से अधिक स्थानों पर दूसरे स्थान पर रही। उन्होंने पंचायत चुनावों में आरएलपी के प्रदर्शन को संगठन की बढ़ती मजबूती और प्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प के प्रति जनता के बढ़ते समर्थन का प्रमाण बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here