जयपुर। रामनवमी के अवसर पर प्राचीन शिव हनुमान मंदिर, जैकब रोड से निकलने वाली शोभायात्रा हसनपुरा, हटवाड़ा रोड, अजमेर रोड, न्यू सांगानेर रोड और रामपथ मार्ग होते हुए प्रियदर्शनी मार्ग स्थित हरिहर मंदिर, श्याम नगर पहुंचेगी, जहां महाआरती के साथ समापन होगा।
शोभायात्रा में हसनपुरा क्षेत्र में मुस्लिम समाज द्वारा स्वागत किया जाएगा, जो आपसी सौहार्द का संदेश देगा। यात्रा के दौरान 20 कलाकारों की टीम नासिक ढोल की प्रस्तुति देगी, जो विशेष आकर्षण रहेगा।
इसके अलावा रामदरबार, वाल्मीकि, भारत माता, शिवाजी, महाराणा प्रताप, पंच प्यारे, हनुमानजी और राधा-कृष्ण की सजीव झांकियां रथों पर सजाई जाएंगी।
शोभायात्रा में तीन डीजे भी शामिल रहेंगे। आयोजन समिति ने बताया कि यात्रा में शामिल सभी प्रतिभागियों को पहचान पत्र (आई कार्ड) जारी किए गए हैं, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।




















