मास्टर की से बाइक चुराने वाले गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार

0
50
Three members of a gang that stole bikes using a master key arrested.
Three members of a gang that stole bikes using a master key arrested.

जयपुर। विधायकपुरी थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय दुपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महंगे शौक और नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि विधायकपुरी थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय दुपहिया वाहन चोर गिरोह के शातिर वाहन चोर संजय राजपूत उर्फ संजू (26) निवासी शास्त्रीनगर,सिद्धार्थ खींची (26) निवासी भट्टा बस्ती और रितीक स्वामी (22) निवासी भट्टा बस्ती जयपुर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है। संजय राजपूत के खिलाफ माणक चौक थाने में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। सिद्धार्थ खींची के खिलाफ शास्त्रीनगर थाने में आबकारी अधिनियम तथा माणक चौक थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं। वहीं रितीक स्वामी के खिलाफ भी माणक चौक थाने में चोरी एवं बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले सार्वजनिक स्थानों और भीड़ भाड़ वाले बाजारों में खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। इसके बाद गिरोह का एक सदस्य आसपास निगरानी रखता था, जबकि अन्य सदस्य मास्टर की से कुछ ही सेकंड में बाइक का लॉक खोलकर वाहन लेकर फरार हो जाते थे।

पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर चोरी की गई एक दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलों की बरामदगी तथा अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

विधायकपुरी थाना अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने वारदात स्थल और आसपास के 35 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।

पुलिस की गठित विशेष टीम में एएसआई हरिसिंह, कांस्टेबल आकाश, पवन कुमार, रवि कुमार तथा चालक भाग्य वर्धन सिंह शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here