जयपुर। विद्याधर नगर थाना पुलिस ने इनामी और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश जुबैर उर्फ इरफान उर्फ भूरिया निवासी विद्याधर नगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने नाम और ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसे विश्वकर्मा थाना क्षेत्र की जेडीए कॉलोनी से गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विद्याधर नगर थाने में मामला दर्ज है। लंबे समय से फरार चल रहे 27 वर्षीय जुबैर उर्फ इरफान उर्फ भूरिया की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी का सुराग लगाया। जांच में पता चला कि वह विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में रोड नंबर-17 स्थित जेडीए कॉलोनी के एक मकान में किराएदार बनकर रह रहा है।
पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर किया। फिलहाल पुलिस आरोपी से मामले में गहन पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक देवीलाल, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल महेश कुमार और कांस्टेबल दिनेश कुमार शामिल रहे। आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार करने में एएसआई देवीलाल और कांस्टेबल दिनेश कुमार की विशेष भूमिका रही।

















