राघव जुयाल का कॉमेडी अवतार, ‘भाई तेरा स्टार है’ का ट्रेलर लेकर आया हंसी का तूफान

0
51

मुंबई। एक्शन और गंभीर किरदारों से दर्शकों का दिल जीतने के बाद राघव जुयाल अब हंसी का डोज़ लेकर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ का ट्रेलर रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

ट्रेलर में कॉमेडी, ड्रामा, अतरंगे किरदार और मनोरंजन का ऐसा तड़का देखने को मिलता है, जो शुरुआत से अंत तक दर्शकों को बांधे रखता है। फिल्म में राघव ‘अजय सिंह’ के किरदार में नज़र आएंगे, जो अपनी बेबाक हरकतों, ओवर-द-टॉप अंदाज़ और शानदार कॉमिक टाइमिंग से हर सीन में हंसी का धमाका करते दिखाई देते हैं।

ट्रेलर की शुरुआत ही एक मज़ेदार संवाद से होती है—”एक एक्टर का सबसे बड़ा टैलेंट होता है अपनी ही बकवास पर यकीन करना।” इसके बाद शुरू होता है हंगामे, गलतफहमियों और मनोरंजन से भरपूर घटनाओं का सिलसिला। संजय कपूर, निहारिका एनएम, बरखा सिंह और चंदन रॉय सान्याल जैसे कलाकार फिल्म को और भी दिलचस्प बनाते हैं।

निर्देशक विवेक बी. अग्रवाल के निर्देशन में बनी यह फिल्म खुद को गंभीरता से नहीं लेती, बल्कि दर्शकों को हल्का-फुल्का, पारिवारिक और भरपूर मनोरंजन देने का वादा करती है। ईस्टवुड पिक्चर्स और इंडियन स्टोरीज़ 2 की प्रस्तुति ‘भाई तेरा स्टार है’ 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी और ट्रेलर देखकर इतना तय है कि यह फिल्म दर्शकों को हंसाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

(अनिल बेदाग)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here