जयपुर। मानसून के दौरान गंदगी,जलभराव और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम जयपुर ने ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ थीम पर विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। 25 अगस्त से शुरू हुआ अभियान 7 सितंबर तक अलग-अलग जोन में चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है।
जिसके चलते मंगलवार को विद्याधर नगर और मुरलीपुरा जोन में 2 हजार 500 सफाईकर्मियों ने करीब एक हजार जेसीबी, हूपर सहित अन्य संसाधनों के साथ सफाई अभियान चलाया। मंगलवार सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक चलने वाले अभियान में गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (जीवीपी), सड़क किनारे, डिवाइडर, मीडियन और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ निर्माण एवं विध्वंस मलबा हटाया जा रहा है।
इस अभियान की शुरुआत 25 अगस्त को सांगानेर और मानसरोवर जोन से हुई। 27 अगस्त को हवामहल और किशनपोल, 1 सितंबर को विद्याधर नगर व मुरलीपुरा, 3 सितंबर को झोटवाड़ा व वैशाली नगर, 5 सितंबर को सिविल लाइंस और 7 सितंबर को आदर्श नगर जोन में विशेष सफाई अभियान चलेगा।
नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया कि नियमित रूप से कचरा जमा होने वाले स्थानों और जीवीपी की विशेष सफाई के साथ सड़क किनारे जमा कचरा व निर्माण मलबा हटाया जाएगा, ताकि जल निकासी बाधित न हो।
मानसून में मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए एंटी-लार्वा गतिविधियां, जरूरत के अनुसार फॉगिंग और कीटनाशक दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा। निगम की टीमें पानी जमा होने वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करेंगी।



















