सूने मकान में नकबजनी करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

0
108

जयपुर। बनीपार्क थाना पुलिस ने सूने मकान में हुई बड़ी नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपितो को गिरफ्तार किया है। इनमें एक मुख्य नकबजन और दूसरा चोरी की विदेशी मुद्रा (यूएस डॉलर) खरीदने वाला शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए कीमत के चोरी किए गए यूएस डॉलर बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपितो से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि बनीपार्क थाना पुलिस ने सूने मकान में हुई बड़ी नकबजनी की वारदात करने वाले मुख्य नकबजन मनोरूल अली (30) निवासी मालदा (पश्चिम बंगाल) हाल निवासी शास्त्री नगर जयपुर और चोरी के यूएस डॉलर खरीदने वाले विकास अग्रवाल (43) निवासी शिव नगर प्रथम, मुरलीपुरा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित वारदात के बाद पश्चिम बंगाल और बिहार भागने की योजना बना रहे थे। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लाखों रुपए कीमत के चोरी किए गए यूएस डॉलर बरामद किए हैं। साथ ही अन्य साथियों की पहचान भी कर ली गई है और उनसे जुड़े अन्य मामलों में पूछताछ जारी है।

थानाधिकारी मनोज बेरवाल ने बताया कि परिवादी शैलादित्य सिंह और अक्षयराज सिंह ने रिपोर्ट दी थी कि 28 अप्रैल 2026 की रात को वे घर पर नहीं थे। इसी दौरान अज्ञात चोर उनके मकान (प्लॉट नंबर डी-237, बिहारी मार्ग, बनीपार्क) का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और यूएस डॉलर, नकदी, पन्ना, पुखराज, चांदी के बर्तन सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।

इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राजेश कुमार गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त (सदर) धर्मवीर सिंह के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मोहम्मद रफीक के साथ कांस्टेबल बलराम और श्यामलाल की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here