जयपुर। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए दुपहिया वाहन चुराने वाले दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और नकबजनी के 21 मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि मुरलीपुरा थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले दो शातिर वाहन चोर मोहम्मद इब्राहिम (29) निवासी नाहरी का नाका (शास्त्री नगर) हाल भट्टा बस्ती और राधेश्याम उर्फ छोटू (24) निवासी जिला रोहतास (बिहार) तथा हाल मुरलीपुरा को दादी का फाटक स्थित आरओबी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने वाहन चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने पांच चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कीं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले अपनी मोटरसाइकिल से विभिन्न कॉलोनियों और गलियों में घूमकर रेकी करते थे। इसके बाद देर रात सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करते थे। आरोपियों ने मुरलीपुरा के अलावा चित्रकूट, सदर और खोरा बीसल थाना क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
थानाधिकारी विरेंद्र कुरील ने बताया कि आरोपित इब्राहीम के खिलाफ भट्टा बस्ती, शास्त्री नगर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, रामगंज, संजय सर्किल, बनी पार्क और गलता गेट थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी और नकबजनी के 21 मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी विरेंद्र कुरील ने बताया कि मुरलीपुरा थाने में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दादी का फाटक स्थित आरओबी पुलिया के पास से दो संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिल सहित हिरासत में लिया।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक बजरंगलाल, हैड कांस्टेबल राजेन्द्र प्रसाद तथा कांस्टेबल सन्नी, रोहिताश, पूरणमल, रविशंकर और महावीर सिंह शामिल रहे।


















