टोंक रोड गौशाला में 15-16 अगस्त को दो दिवसीय श्री महामृत्युंजय रुद्र महायज्ञ

0
115

जयपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर राजधानी के टोंक रोड, दुर्गापुरा स्थित ‘राजस्थान गौसेवा संघ गौशाला’ में आगामी 15 और 16 अगस्त को दो दिवसीय श्री महामृत्युंजय रुद्र महायज्ञ एवं नर्मदेश्वर शिवलिंग अभिषेक का भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। यह ‘अचूक शिवशक्ति साधना महायज्ञ’ सालासर बालाजी मंदिर के विष्णुदत्त पुजारी के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा।

आयोजक गोपाल शरण महाराज ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ 15 अगस्त को ध्वजारोहण के साथ होगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और देवभक्ति के अद्भुत संगम के बीच भगवान शिव को विशेष आहुतियां अर्पित की जाएंगी। इस पावन मौके पर गौशाला परिसर में खाटू श्याम प्रभु और सालासर बालाजी महाराज का भव्य दरबार भी सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

आयोजन के दूसरे दिन 16 अगस्त को श्रावण मास के उपलक्ष्य में मुख्य महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान योग्य आचार्यों द्वारा महामृत्युंजय मंत्रों के सस्वर वैदिक उच्चारण के साथ रुद्राभिषेक और नर्मदेश्वर शिवलिंग का दिव्य अभिषेक संपन्न होगा।

महायज्ञ में गौसेवा, लोक कल्याण, राष्ट्र की सुख-समृद्धि, पर्यावरण संरक्षण तथा विश्व शांति के पावन संकल्प के साथ विशेष आहुतियां अर्पित की जाएंगी। आयोजन को लेकर गौशाला परिसर में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here