जयपुर। जयपुर पूर्व जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और सांगानेर थाना पुलिस ने पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपित संगठित गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम देते हैं और उनके खिलाफ हत्या, अपहरण, आर्म्स एक्ट, रंगदारी और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 11 संगीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जयपुर शहर में संगठित अपराध, गैंगवार और अवैध हथियारों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सांगानेर थाना पुलिस और डीएसटी पूर्व ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जयपुर में वारदात की फिराक घूम रहे आरोपित रोहन मलिक (28) निवासी दौसा, खोह नागोरियान (जयपुर) तथा गणेश मेघवाल (24) निवासी भोजासर (फलोदी)हाल पुष्कर बाईपास (अजमेर) को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान उनके पास से दो अवैध देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों देशी पिस्टल उन्हें उनके एक परिचित ने उपलब्ध कराई थीं। इन हथियारों का इस्तेमाल वह जयपुर में अपने गिरोह की गतिविधियों और आपराधिक वारदातों में करने वाले थे।
वहीं जांच में सामने आया कि गणेश मेघवाल के खिलाफ नागौर, जयपुर और मनोहरपुर क्षेत्र में हत्या, अपहरण, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित आठ मामले दर्ज हैं। वहीं रोहन मलिक के खिलाफ नागौर, खोह नागोरियान और शिवदासपुरा थानों में धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित तीन मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पूर्व में दोनों आरोपित हथियार के मामले में जेल भी जा चुके है।
सांगानेर थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि अब आरोपियों से उनके गिरोह के अन्य सदस्यों, अवैध हथियारों की सप्लाई चेन और संभावित आपराधिक वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

















