माइक्रो फाइनेंस एजेंट से 1.26 लाख लूटने वाले दो इनामी आरोपी गिरफ्तार

0
71

जयपुर। दौलतपुरा थाना पुलिस ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से 1.26 लाख रुपए लूटने के मामले का खुलासा करते हुए दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर पुलिस ने साढे सात—सात हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस अब लूटी गई राशि और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद करने के प्रयास कर रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि नाथूराम बागड़ी निवासी मंगलाना जिला परबतसर और हाल आमेर ने दौलतपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह नाबार्ड बैंक की सहायक कंपनी नब्फीन्स लिमिटेड में महिला समूह ऋण (जेएलजी) की किस्तों का संग्रह करता है।

तीन अक्टूबर को वह खोराश्यामदास से करीब 1 लाख 26 हजार रुपए एकत्र कर बैग में रखकर मोटरसाइकिल से बदनपुरा जा रहा था। बदनपुरा से पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल की टंकी पर रखा बैग छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध मोटरसाइकिल का रूट मैप तैयार किया। फुटेज और हुलिए के आधार पर दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमावत उर्फ गनू उर्फ चैला (18) पुत्र महेश कुमावत और सागर सैनी उर्फ अनु उर्फ श्याला (20) पुत्र ओमप्रकाश सैनी के रूप में हुई है।

दोनों जयपुर पश्चिम के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में खोराश्यामदास के बदनपुरा स्थित डूंगरी की ढाणी के निवासी हैं। पुलिस आरोपियों से लूटी गई रकम, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here