पांच साल से फरार पांच हजार का इनामी वाहन चोर गिरफ्तार

0
42

जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने पांच साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2021 में माचेड़ा स्थित एक प्लॉट से टिपर—डम्पर चोरी के मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार आरोपी मेवात इलाके का शातिर और आदतन अपराधी है तथा उसके खिलाफ राजस्थान और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वारिस मेव (32) निवासी पहाड़ी (पंचायत पथरोल) जिला डीग है। आरोपी को विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना और पारंपरिक पुलिसिंग के आधार पर दौलतपुरा टोल टैक्स के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस इस मामले में पूर्व में इकराम उर्फ अकराम मेव और वसीम उर्फ पागल उर्फ डाम मेव को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि वारिस लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और उसके गिरोह के सदस्य मेवात क्षेत्र से अपनी गाड़ियों से जयपुर और आसपास के इलाकों में आते थे। दिन में कॉलोनियों और मुख्य सड़कों के किनारे खड़े बड़े ट्रकों, डम्परों और अन्य वाहनों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में मास्टर चाबी से वाहनों को स्टार्ट कर चोरी कर ले जाते थे।

हरमाड़ा थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना के अनुसार पहचान और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए आरोपी मुख्य मार्गों के बजाय अंदरूनी रास्तों का इस्तेमाल करते थे। चोरी किए गए वाहनों को मेवात क्षेत्र में औने-पौने दामों में बेच दिया जाता था। इसके बाद आरोपी वापस मेवात जाकर छिप जाते थे और चोरी से मिले पैसे मौज-मस्ती व नशे में खर्च कर देते थे।

पुलिस के अनुसार वारिस के खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से जयपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य वाहन चोरियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here