जयपुर। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में शनिवार को 23वां कैंसर सर्वाइवर्स डे आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कैंसर विजेताओं का सम्मान करते हुए कहा कि समय पर जांच, तंबाकू से दूरी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कैंसर पर विजय संभव है।
उन्होंने युवाओं से नशे और जंक फूड से दूर रहने तथा स्वच्छ पानी के उपयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर भी उपस्थित रहे।
अस्पताल के चेयरमैन नवरतन कोठारी ने सेवाओं की जानकारी दी, वहीं अधिशासी निदेशक मेजर जनरल एस.सी. पारीक ने आधुनिक उपचार और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
समारोह में कैंसर सर्वाइवर्स को सम्मानित किया गया और जागरूकता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समय पर पहचान और सही उपचार से कैंसर का सफल इलाज संभव है।



















