July 27, 2024, 7:50 am
spot_imgspot_img

कार्यकर्ता अपना स्वयं का मूल्यांकन स्वयं करें, संगठन की ओर से मिले दायित्व को एकाग्रता से पूरा करें : भजनलाल शर्मा

जयपुर। आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारी को लेकर प्रदेश भाजपा मीडिया एवं सोशल मीडिया कार्यशाला लोकसभा 2024 का आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यालय में किया गया। कार्यशाला के दौरान तीन सत्र आयोजित किये गये जिसमें उद्घाटन सत्र को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी, कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने सबोंधित किया। वहीं द्वितीय सत्र में पीपीटी के माध्यम से निमित्त करणीय कार्य बताये गये।

भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल और प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ ने आगामी लोकसभा चुनावों में मीडिया की भूमिका और कार्य सरंचना को लेकर संबोधित किया। समापन सत्र को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित किया। इस दौरान मंच संचालन सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक हीरेन्द्र कौशिक ने किया। मंच पर भाजपा प्रदेश महामंत्री जगवीर छाबा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, आईटी के प्रदेश संयोजक धनराज सोलंकी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत के लिए सभी का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होने कहा कि कार्यकर्ता को जो दायित्व पार्टी की ओर से दिया जाता है उसे पूरी लगन और मेहनत के साथ पूरा करें। मीडिया में खुद को साबित करने के लिए तात्कालिक विषयों की जानकारी महत्वपूर्ण है वहीं कार्यकर्ता अपना स्वयं का मूल्यांकन स्वयं करें और जिम्मेदारी का निर्वहन एकाग्र होकर करें।

कोई भी कार्यकर्ता जब समर्पित भाव से सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम करता है तो उसे स्वतः ही भीतर से ऊर्जा मिलती है। सोशल मीडिया के लाभ हानि के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया चलाते समय तीन बातों का ध्यान रखें पहला आपको खुद ही सही गलत का आकलन करना होगा, दूसरा लाभ हानि का निर्धारण करना होगा और तीसरी बात आवेश या उकसावे में आकर कोई पोस्ट या कमेंट ना करें। हमें संगठित होकर काम करना है और प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करनी है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के पास जो विजन है वह देश की किसी पार्टी के पास नहीं है। हमारा लक्ष्य सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करना है। मीडिया के क्षेत्र में कंटेंट सबसे महत्वपूर्ण चीज होता है। हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 10 साल के ऐतिहासिक कार्यों को लेकर जनता के बीच जाना है। बीते 50-60 सालों में जो काम नहीं हो पाए पीएम मोदी ने वो काम महज 10 साल में करके दिखाए हैं।

पीएम मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन बिल पास होने से महिलाओं का मान बढ़ा है, ऐतिहासिक, सामरिक, किसान कल्याण, गरीब कल्याण के साथ ही देश का सांस्कृतिक गौरव बढ़ा है। मीडिया कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पीएम मोदी की लोककल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करना चाहिए। इसके लिए विषय पर पकड़ और प्रभावी वक्तव्य रखना आवश्यक है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि हमारी प्रदेश सरकार ने 100 दिन की कार्ययोजना बनाकर काम करना शुरू कर दिया। हमने पेपर लीक के खिलाफ एसआईटी का गठन कर इसमें लिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। आज प्रदेश में अपराधियों को रात रात भर नींद नहीं आ रही।

कांग्रेस के लोग जो पेपर लीक में लिप्त थे उन्हे डर लगने लगा है कि कहीं जांच के दायरे में हम ना आ जाएं। हमने सीएम अन्नपूर्णा योजना के तहत खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में सुधार किया है। सभी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुट जाना है, विधानसभा चुनावों की तरह लोकसभा चुनावों में भी हमें आक्रामक शैली से काम करना है, रक्षात्मक शैली से नहीं।

राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि पांच साल बाद राजस्थान में जनता का राज आया है, और 500 साल बाद अयोध्या में प्रभु श्री राम आए हैं। जो कांग्रेस के लोग इस बात पर फूलते थे कि हमारी पार्टी के मुखिया ऐसे लोग हैं जिनके कपड़े धुलने पेरिस जाते हैं उन्हे ये बता दूं कि हमने फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों को जयपुर में एक आम चाय वाले की दुकान पर बिठाकर चाय पिलाई है। आज भारत और फ्रांस के बीच रक्षा क्षेत्र में साझेदारी बढ़ रही है।

आधुनिक हथियारों के मामले में जहां हमारा एक्सपोर्ट एक हजार करोड़ हुआ करता था वह आज बढ़कर एक लाख करोड़ को पार कर गया है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राम का काज एक तपस्वी ही कर सकता है, और प्रधानमंत्री मोदी ने 11 दिन का उपवास रखकर प्रभु श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। इधर राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई और उधर इंडी गठबंधन की प्रतिष्ठा जाने लगी और अब प्राण संकट में हैं।

राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया में काम करने वाले लोगों को स्थानीय, प्रदेश और राष्ट्रीय विषयों से संबंधित सूचनाएं एकत्रित करके प्रसारित करनी चाहिए। इसके साथ ही तात्कालिक, नीतिगत और वैचारिक विषयों की भी जानकारी बेहद आवश्यक है। तात्कालिक घटनाओं, सरकार की नीतियों और हिंदुत्व सहित सांस्कृतिक विषयों पर हमें जानकारी होनी चाहिए। पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्व में हमने भारत को मदर ऑफ डेमोक्रेसी के रूप में स्थापित किया है।

इसलिए इस गणतंत्र दिवस पर परेड में 80 प्रतिशत महिला कैडेट्स ने भाग लिया और केंद्र सरकार के कैबिनेट में सर्वाधिक मंत्री महिलाएं हैं। हमने 4 करोड़ लोगों को पीएम आवास योजना में घर दिये हैं, जिसमें से 3 करोड़ घरों की मालिक महिलाएं हैं। आज पीएम मोदी इस काल को अमृतकाल इसलिए कहते हैं कि उनके नेतृत्व वाली सरकार ने देश में मानसिक गुलामी से आजादी दिलाई है। आज भारत ग्रोथ रेट में आगे बढ़ रहा है तो वहीं विश्व में भारत और पीएम मोदी की लोकप्रियता बढ़ रही है।

तीसरी बार केंद्र में भाजपा सरकार बनने जा रही है और राजस्थान की जनता लगातार तीसरी बार भाजपा को 25 सीटें जिताने का मन बना चुकी है। तीन बार 25 सीटें जीतने पर तीनों का योग हुआ 75 तो हम यह मान सकते हैं कि राजस्थान अमृत महोत्सव मनाने जा रहा है। इस दौरान उन्होने नवमतदाताओं को साधने पर भी बल दिया।

राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया संवाद और संदेश का सबसे बेहतर माध्यम है। सोशल मीडिया में अलग-अलग उम्र समूह के लोगों के अलग-अलग टेस्ट हैं। इलैक्ट्रोनिक, डिजीटल और प्रिंट सभी तरह के मीडिया का आधार सूचनाओं का प्रसार करना है। हमारे सभी प्रवक्ता पैनलिस्टों को विषय पर पकड़ मजबूत रखनी होगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने महिला सशक्तिकरण, स्पेस, तकनीक, गरीब कल्याण, सेना की ताकत बढ़ाने सहित धर्म और संस्कृति को स्थापित करने का काम किया है। हमारे सभी मीडिया कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर टॉप लीडरशिप के वक्तव्य और सरकार की योजनाओं का प्रसार किस तरह करना है यह भी ध्यान रखना होगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

25,000FansLike
15,000FollowersFollow
100,000SubscribersSubscribe

Amazon shopping

- Advertisement -

Latest Articles