योग गुरु सम्मान समारोह में योगाचार्यों का हुआ सम्मान

0
57
Yoga experts honored at the Yoga Guru Award Ceremony.
Yoga experts honored at the Yoga Guru Award Ceremony.

जयपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर द्वारा जिला कार्यालय में भव्य “योग गुरु सम्मान समारोह” आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने की।

समारोह में योग, स्वास्थ्य एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले योगाचार्यों और योग प्रशिक्षकों का अंगवस्त्र, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का संपूर्ण विज्ञान है तथा प्रत्येक व्यक्ति को इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की विश्व को दी गई अमूल्य देन है। योग गुरु समाज को स्वस्थ, जागरूक और सकारात्मक बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सम्मानित योगाचार्यों के योगदान की सराहना करते हुए भाजपा की ओर से समाजहित में कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के मेघसिंह चौहान, जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया, रेखा राठौड़, राजेश तांबी सहित बड़ी संख्या में योगाचार्य, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में स्वस्थ, समृद्ध और योगमय भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here