श्री बिहारी जी महाराज के रजत श्रृंगार पाटोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

0
49
Silver Adornment Festival of Shri Bihari Ji Maharaj
Silver Adornment Festival of Shri Bihari Ji Maharaj

जयपुर। किशनपोल बाजार स्थित सौखियों के रास्ते में नारियल वाले हनुमान जी परिसर में विराजमान आराध्य ठाकुर श्री बिहारी जी महाराज एवं श्री महादेव महाराज का रजत श्रृंगार विशाल पाटोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम महंत नरेंद्र महाराज के सानिध्य में आयोजित हुआ।

मंदिर प्रवक्ता सचिन महाराज ने बताया कि पाटोत्सव के अवसर पर भगवान शिव का सहस्त्रघट अभिषेक किया गया। विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल, विभिन्न तीर्थ स्थलों के पवित्र जल एवं फलों के रस से भगवान का अभिषेक कराया। इसके बाद ठाकुरजी एवं भगवान शिव की आकर्षक फूल बंगले की झांकी सजाई गई तथा शीतल तासीर वाले व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। वहीं मंदिर में विराजमान हनुमानजी महाराज को लड्डुओं का भोग लगाकर विशेष श्रृंगार किया गया।

शुक संप्रदाय के पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज (प्रवीण भैया) के सानिध्य में आयोजित बधाई गान महोत्सव में श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में सराबोर होकर कपड़े, खिलौने, सूखे मेवे और फलों की उछाल की। भजनों की स्वर लहरियों पर भक्तों ने नृत्य कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

पाटोत्सव में संत-महंतों के सत्संग एवं प्रवचन भी हुए। इस अवसर पर पधारे संत-महंतों का माला, दुपट्टा, प्रसाद एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
पूरे मंदिर परिसर को झंडों, चुनरियों, बंदनवारों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे उत्सव का माहौल और भी भव्य नजर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here