जयपुर। मुहाना थाना इलाके में तालाब में एक युवक के डूबने का मामला सामने आया है। जानकारी में सामने आया है कि उसके दोस्त ने फोन कर पुलिस को साथी के डूबने की सूचना दी। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से तालाब में डूबे युवक के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया है। जांच अधिकारी एसआई छगनलाल ने बताया कि मामला मुहाना गांव स्थित तालाब का है।
करीब 20 बीघा में 20-25 फीट गहरा तालाब बना हुआ है। गुरूवार देर रात करीब 12 बजे एक युवक ने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि तालाब में उसका दोस्त गिर गया है। तालाब में युवक के डूबने की सूचना पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रात के अंधेरे में ही एसडीआरएफ टीम को बुलाकर डूबे युवक के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
अंधेरे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन कुछ घंटे ही चलाकर बंद कर दिया गया। वहीं अगले दिन शुक्रवार सुबह 6 बजे दोबारा तालाब में डूबे युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला गया। एसडीआरएफ टीम के घंटों तलाश के बाद भी डूबे युवक का पता नहीं चल सका है।



















