जयपुर। शहर के गलता गेट थाना इलाके में दिनदहाड़े ठगी की वारदात सामने आई है, जहां दो बदमाशों ने एक युवक को बातों में उलझाकर उससे 10 हजार रुपए ठगने का मामला सामने है। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित फरियाद खान एक बाइक शोरूम पर नई बाइक लेने पहुंचा था। इसी दौरान दो बदमाशों ने उसे बातचीत में उलझा लिया। जैसे ही आरोपियों को उसके पास नकदी होने का आभास हुआ, उन्होंने झांसा देकर उससे रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि अभी तक पीड़ित द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश जारी है।




















