अवैध हथियारों का जखीरा बरामद: स्प्लेंडर पर बैग में भरकर पिस्टल सप्लाई करने आया युवक गिरफ्तार

0
42
Youth arrested for supplying pistols concealed in a bag while riding a Splendor.
Youth arrested for supplying pistols concealed in a bag while riding a Splendor.

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले की चंदवाजी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 4 ऑटोमेटिक पिस्टल, 5 मैगजीन, 4 देशी कट्टे और 16 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद ने बताया कि यह कार्रवाई जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश द्वारा अवैध आग्नेयास्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। शाहपुरा एएसपी रणवीर सिंह के निर्देशन और जमवारामगढ़ वृत्ताधिकारी रामकिशन विश्नोई के सुपरविजन में चंदवाजी थानाधिकारी प्रशिक्षु आईपीएस नितिन चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

जहां पुलिस को कांस्टेबल रोहिताश बराला से सटीक सूचना मिली थी कि टीएसी पुलिया के नीचे एक व्यक्ति काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर पिट्ठू बैग में हथियार भरकर किसी को डिलीवरी देने का इंतजार कर रहा है। सूचना पर उप निरीक्षक जयप्रकाश मील मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही युवक ने भागने की कोशिश की, जिसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल मीणा (22) के रूप में हुई है।

साहिल मूलतः कंचनपुर का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में झोटवाड़ा के पवनपुरी स्थित शंकर विहार कॉलोनी में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके बैग से हथियारों का बड़ा जखीरा मिला, जिसके संबंध में उसके पास कोई लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने हथियारों के साथ तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी साहिल ने बताया कि वह ये हथियार हिंगोटा निवासी अनिल जाट उर्फ पहलवान से लेकर आया था। अनिल के कहने पर ही वह किसी अज्ञात व्यक्ति को इन हथियारों की डिलीवरी देने आया था। पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सरगना और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश में जुट गई है।

इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस नितिन चौधरी, उप निरीक्षक जयप्रकाश मील और विशेष रूप से कांस्टेबल रोहिताश बराला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here