जयपुर। सांगानेर सदर थाना इलाके में डंडे-सरियों से पीट-पीटकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक एक परिचित की शादी में शामिल होने बूंदी से जयपुर आया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब एक महीने पहले हुए झगड़े की रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
थानाधिकारी अनिल जैमन ने बताया कि बूंदी जिले के नैनवा निवासी चेतराम गुर्जर (30) की हत्या की गई है। वह खेती-बाड़ी का काम करता था। करीब एक महीने पहले गांव में रहने वाले कौशल नागर से उसका विवाद हुआ था। झगड़े के बाद कौशल नागर जयपुर के सांगानेर क्षेत्र में अपनी चाय की दुकान पर लौट आया, लेकिन रंजिश बरकरार रही।
पुलिस के अनुसार चेतराम गुर्जर शुक्रवार को एक परिचित की शादी में शामिल होने जयपुर आया था। इसकी जानकारी मिलने पर आरोपित कौशल नागर ने अपने साथियों को इकट्ठा कर बदला लेने की योजना बनाई। रात करीब 10:15 बजे जब चेतराम किसी दुकान की ओर जा रहा था, तभी कार में सवार कौशल नागर और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने डंडों और सरियों से ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया और बेहोशी की हालत में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने गंभीर अवस्था में चेतराम को महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फरार आरोपितो की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।



















