परकोटा गणेश मंदिर में गूंजे गणपति के जयकारे: 111 किलो मेहंदी का प्रसाद बांटा

0
31

जयपुर। चांदपोल स्थित परकोटा गणेश मंदिर में गणेश जन्मोत्सव के तहत धार्मिक आयोजनों की धूम जारी है। इसी कड़ी में सिंजारा मेहंदी उत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। महंत अमित शर्मा के सान्निध्य में आयोजित उत्सव के दौरान प्रथम पूज्य भगवान गणेश को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मेहंदी अर्पित की गई। इसके बाद 111 किलो मेहंदी श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में वितरित की गई।

सिंजारा उत्सव के दौरान मेहंदी का प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन कर चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। मंदिर परिसर में गणपति के जयकारे गूंजते रहे।

महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों में लगाई मेहंदी

उत्सव के दौरान महिला मंडल की ओर से मंदिर परिसर में बधाई गान का आयोजन किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों में मेहंदी लगाकर सिंजारा उत्सव की खुशियां साझा कीं। इससे मंदिर परिसर में भक्ति के साथ उत्सव का माहौल भी नजर आया।

गणेश जन्मोत्सव के तहत लगातार आयोजन

गणेश जन्मोत्सव के तहत मंदिर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। सिंजारा उत्सव में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

14 सितंबर को सजेगी सोने के वर्क और छप्पन भोग की झांकी

मंदिर में 14 सितंबर को गणेश जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान गणेश की सोने के वर्क से सजी विशेष झांकी सजाई जाएगी। साथ ही छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here