एएनटीएफ का एक्शन मोड:डोडा—अफीम,स्मैक और गांजे के साथ सात नशा तस्कर गिरफ्तार

0
39
Cunning vehicle and mobile phone thief arrested.
Cunning vehicle and mobile phone thief arrested.

जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने प्रदेशभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक साथ छह बड़ी कार्रवाइयां कर नशे के कारोबार पर करारा प्रहार किया है। एएनटीएफ की टीम ने पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में नागौर, चूरू, फलोदी, बीकानेर, जयपुर और अलवर जिलों में चलाए गए विशेष अभियान में भारी मात्रा में डोडा-चूरा, अफीम, स्मैक और गांजा बरामद किया गया।

कार्रवाई के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। साथ ही एक होंडा सिटी कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि प्रदेशभर में एक साथ की गई इन कार्रवाइयों में नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि नागौर जिले के थांवला थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध होंडा सिटी कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। एएनटीएफ टीम ने स्टॉप स्टिक की सहायता से कार के टायर पंचर कर दिए, फिर भी तस्कर खेतों के रास्ते भागने का प्रयास करते रहे। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

कार से 100 किलो 630 ग्राम डोडा-चूरा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामनिवास उर्फ मिर्धा और ओमप्रकाश निवासी कुचेरा, नागौर के रूप में हुई। ओमप्रकाश एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित है, जबकि रामनिवास के खिलाफ सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वहीं सरदारशहर क्षेत्र में सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को पकड़कर उसके कब्जे से 1.550 किलोग्राम डोडा पोस्त छिलका, 806 ग्राम डोडा चूरा, 104 ग्राम अफीम तथा 3,200 रुपए ड्रग मनी बरामद की। गिरफ्तार आरोपी रामकिशन उर्फ रामो निवासी भालेरी, चूरू है।

इसके अलावा लोहावट क्षेत्र के पीलवा चौराहे स्थित एक सब्जी एवं किराना स्टोर पर दबिश देकर पुलिस ने 121.6 ग्राम अफीम और 648.5 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। मामले में पुनाराम निवासी भाखरी, ओसियां को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि बीकानेर जिले के लम्माणा भाटियान गांव में दबिश के दौरान आरोपी जालम सिंह पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से 3.845 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इधर जयपुर ग्रामीण जिले के जमवारामगढ़ क्षेत्र में रामगढ़ बांध की पाल पर नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार दंपती को रोका गया। तलाशी में महिला के पास से 3.62 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने रामदयाल और उसकी पत्नी सुशीला देवी निवासी अस्थल, जमवारामगढ़ को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त की और थानागाजी क्षेत्र में निगरानी के दौरान एक युवक को गांजा बेचते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 46 ग्राम गांजा और 1,300 रुपए नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी रामखिलाड़ी निवासी मानकोट, अलवर है।

आईजी विकास कुमार ने बताया कि सफल कार्रवाई करने वाली एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस टीमों को मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित सूचनाएं एएनटीएफ कंट्रोल रूम और व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here