बुजुर्ग को नशीला पदार्थ पिलाकर सोने की मुर्कियां लूटने वाला शातिर गिरफ्तार

0
219

जयपुर। बिंदायका थाना पुलिस ने बुजुर्ग को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके कानों से सोने की मुर्कियां लूटने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की मुर्कियों की शत-प्रतिशत बरामदगी भी कर ली है। पुलिस की प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ने नई मोटरसाइकिल खरीदने और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

बिंदायका थाना प्रभारी विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि 19 जून को इंदिरा कॉलोनी बिंदायका निवासी रेखा राम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके वृद्ध पिता को एक व्यक्ति पानी में नशीली गोलियां मिलाकर पिला गया। बुजुर्ग के बेहोश होने पर आरोपी उनके कानों से सोने की मुर्कियां निकालकर फरार हो गया। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी विनोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय कुमार रैगर उर्फ धन्नो निवासी बिंदायका को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह स्वयं नशा मुक्ति के लिए उपयोग की जाने वाली गोलियों का सेवन करता था। वारदात के दिन उसने उन्हें गोलियों को पानी में मिलाकर बुजुर्ग को पिला दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी उनके कानों में पहनी सोने की मुर्कियां लूटकर फरार हो गया।

वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित को नई मोटरसाइकिल खरीदने और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए रुपयों की आवश्यकता थी, इसलिए उसने अकेले बुजुर्ग को निशाना बनाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की मुर्कियां बरामद कर ली हैं।

थानाधिकारी वर्मा ने बताया कि आरोपी से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी और लूट की वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि पूछताछ में अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे में स्पेशल टीम के कांस्टेबल श्रीराम की मुख्य भूमिका रही। जबकि एएसआई उम्मेद सिंह ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here