डीएनटी महापड़ाव में पथराव मामला:पुलिस ने किया राजकार्य में बाधा व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज

0
43
ACB filed case against 22 people including former minister in Jal Jeevan Mission scam
ACB filed case against 22 people including former minister in Jal Jeevan Mission scam

जयपुर। दस प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर बुधवार को विद्याधर नगर स्थित जेडीए ग्राउंड में आयोजित विमुक्त,घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू (डीएनटी) समाज के महापड़ाव के दौरान हुए पथराव और हिंसा की घटना में पुलिस की ओर से विधाधर नगर थाने में गुरुवार को मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने राजकार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद हिरासत में लिए गए लोगों में से 15 को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

जयपुर उत्तर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि बुधवार को डीएनटी समाज के लोगों ने विद्याधर नगर के जेडीए ग्राउंड में आरक्षण की मांग को लेकर महापड़ाव आयोजित किया था। आंदोलन के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया और वाहनों में तोड़फोड़ की। इस दौरान चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि प्रारंभिक जांच में दो सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचने की पुष्टि हुई है।

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में विद्याधर नगर थाने में राजकार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस की ओर से इस प्रकरण की जांच जारी है तथा शांतिभंग के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दर्ज मुकदमे में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
पुलिस के अनुसार घटना के कई वीडियो सामने आए हैं। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि डीएनटी समाज ने दस प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर महापड़ाव आयोजित किया था। शाम को प्रदर्शनकारियों ने शहीद स्मारक की ओर कूच करने की घोषणा की। पुलिस द्वारा रोकने पर कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here