महर्षि वाल्मीकि जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य महाआरती: श्रद्धा-भक्ति से सराबोर हुई गुलाबी नगरी

0
49
Grand Maha Aarti on the eve of Maharishi Valmiki Jayanti
Grand Maha Aarti on the eve of Maharishi Valmiki Jayanti

जयपुर। महर्षि वाल्मीकि जयंती की पूर्व संध्या पर गुलाबी नगरी जयपुर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। राजापार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर परिसर, गोविन्द मार्ग पर आयोजित भव्य महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर महर्षि वाल्मीकि के श्रीचरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस दौरान उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के जीवन दर्शन, ज्ञान, तपस्या और मानव कल्याण के संदेश को संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कर्म, चरित्र और संस्कारों से निर्धारित होती है महानता

अजेय कुमार ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक चेतना के महान पथप्रदर्शक हैं। उनके द्वारा रचित रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, मर्यादा, कर्तव्य और सदाचार का मार्ग दिखाने वाली अमूल्य धरोहर है।

उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संस्कार और परस्पर सद्भाव में निहित है। जाति और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर एक परिवार की भावना के साथ आगे बढ़ने से ही सशक्त, संगठित और समरस राष्ट्र का निर्माण संभव है। महर्षि वाल्मीकि का जीवन संदेश देता है कि व्यक्ति की महानता उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र, ज्ञान और संस्कारों से निर्धारित होती है।

उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। इन आदर्शों को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय अपने आचरण और सामाजिक जीवन में अपनाना चाहिए। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को महर्षि वाल्मीकि के जीवन दर्शन से जोड़कर भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना आवश्यक है।

महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने समाज में प्रेम, सद्भाव, समानता और भाईचारे का संदेश प्रसारित करने तथा महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विधायक प्रत्याशी रवि नय्यर, भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल, जिला महामंत्री नवरत्न नारायणिया, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पूर्ववंशी, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष गोविंद वाल्मीकि, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास मीणा सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here