जयपुर। जयपुर दक्षिण जिला पुलिस ने संगठित अपराधियों, वांछित बदमाशों और वारंटियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 147 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के दौरान 40 नए प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा पुलिस ने अशोक नगर फायरिंग के मुख्य आरोपी मोहम्मद सलमान उर्फ कबूतर और कुख्यात शिवराज गैंग के सक्रिय सदस्य गणेश ठोलिया को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि इस अभियान के दौरान 16 वांछित अपराधी, 22 स्थायी वारंटी, 19 गिरफ्तारी वारंटी और 90 आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत विरुद्ध किया गया। पुलिस ने 29 आबकारी अधिनियम, एक आर्म्स एक्ट, एक एनडीपीएस एक्ट, पांच आरएनसी, एक 13 आरपीजी, एक धूम्रपान अधिनियम तथा दो संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के कुल 40 प्रकरण दर्ज किए।
इसके अलावा पुलिस ने 10 जून को अशोक नगर में हुई फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद सलमान उर्फ कबूतर (25) को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं मानसरोवर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 54 ग्राम एमडी ड्रग के साथ प्रवीण कुमार सैनी और मुकेश को गिरफ्तार किया। वहीं कुख्यात शिवराज गैंग के सक्रिय सदस्य गणेश ठोलिया को भी दबोचा गया।
इसके अलावा मुहाना थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में मुकेश मीणा को गिरफ्तार किया। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने विभिन्न मामलों में सूरज शर्मा, भागचंद शर्मा, दधी शंकर शर्मा और हरीश बैरवा को गिरफ्तार किया।
डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। अभियान का उद्देश्य संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना और शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा के सुपरविजन में सभी एसीपी, थानाधिकारी, जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और साइबर सेल की संयुक्त टीमों ने की।



















