जयपुर। आमेर थाना क्षेत्र में पानी की मोटर चोरी के शक में एक युवक की बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जहां पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 8 जुलाई को आमेर निवासी अशरफ शाह ने एसएमएस अस्पताल के मुर्दाघर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 जुलाई को उसका पुत्र वसीम खान को उसके परिचित नासिफ उर्फ बबलू, सोहेल तथा अन्य लोगों ने घर से ले जाकर विभिन्न स्थानों पर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।
परिवार की महिलाओं ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए धमकाया। गंभीर रूप से घायल वसीम को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दय मामले में आमेर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से सोहेल खान (22) निवासी रामगंज और नासिफ खान उर्फ बबलू (24) निवासी आमेर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें वसीम पर निर्माणाधीन साइट से पानी की मोटर चोरी करने का शक था।
इसी कारण उसे पकड़कर मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।



















