मिशन जागृति में 18 नशा तस्कर गिरफ्तार कर किया 50 लाख का माल जब्त

0
55

जयपुर। नशे के खिलाफ जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के विशेष अभियान ‘मिशन जागृति’ में जयपुर दक्षिण पुलिस ने तीन दिन में 16 मामले दर्ज कर 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 22 से 24 सितंबर तक चले अभियान में करीब 50 लाख रुपए कीमत के मादक पदार्थ और अन्य सामान जब्त किया गया।

डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि एडीसीपी ललित शर्मा के निर्देशन में दक्षिण जिले के थानाधिकारियों, डीएसटी और साइबर सेल की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की। चिन्हित कच्ची बस्तियों में डोर-टू-डोर सर्वे कर पूर्व में चालान शुदा व संदिग्ध लोगों की पहचान की गई। उनके ठिकानों पर दबिश देने के साथ मोबाइल की जांच और डोजियर तैयार कर पूछताछ की गई, जिससे नशे की सप्लाई चेन से जुड़े लोगों तक पहुंचने में मदद मिली।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई में करीब 22 किलो गांजा, 4.79 ग्राम स्मैक, 15,750 रुपए नकद, 18 मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त किए गए। मुहाना, श्याम नगर, चाकसू, ज्योति नगर, शिप्रापथ, विधायकपुरी, महेश नगर, मानसरोवर, शिवदासपुरा, नारायण विहार, पत्रकार कॉलोनी, सोडाला, अशोक नगर और सांगानेर सदर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में गिरफ्तारियां हुईं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशे की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने की कार्रवाई जारी रखी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here