जयपुर। नगर निगम जयपुर द्वारा शहर में नियमों की पालना सुनिश्चित करने एवं आमजन को सुव्यवस्थित नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशानुसार मानसरोवर जोन में विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले विवाह स्थलों एवं डेयरी बूथों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
उपायुक्त मानसरोवर जोन लक्ष्मीकांत कटारा के नेतृत्व में राजस्व अधिकारी एवं राजस्व टीम ने सतर्कता शाखा के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न विवाह स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 4 विवाह स्थलों में नियमानुसार 25 प्रतिशत पार्किंग व्यवस्था नहीं पाए जाने पर चार मैरिज गार्डनों को सीज किया गया।
विवाह स्थलों में स्वर्ण गार्डन (न्यू सांगानेर रोड, मानसरोवर), बालाजी पैलेस (सिरसी रोड, भांकरोटा), के.के. पैराडाईज (कीर्ति सागर, मांग्यावास, मानसरोवर) एवं उत्सव मैरिज गार्डन (पंचोली विहार विस्तार, नारायण विहार) शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अभियान के दौरान पांच डेयरी बूथों पर तम्बाकू उत्पादों का विक्रय पाया गया, जिस पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में नियमों की अवहेलना करने वाले संस्थानों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



















